Saturday, January 15, 2011

मकर संक्रान्ति पर विशेष

मकर संक्रान्ति उस दिन मनाई जाती है जब सूर्य दक्षिणी गोलार्द्ध से उत्‍तरी गोलार्द्ध में अपनी यात्रा शुरू करता है और मकर राशि में प्रवेश करता है। यह हिन्‍दुओं के चुने हुये त्‍याहारों में से एक है। यह त्‍योहार प्रत्‍येक वर्ष नियत तिथि 14 जनवरी को होता है। हिन्‍दुओं में सभी शुभ कार्य करने का प्रारम्‍भ इसी दिन से हो जाता है। हिन्‍दुओं में इस प्रकार की 12 संक्रान्तियां होती हैं परन्‍तु यह त्‍योहार केवल सूर्य के धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करने पर ही मनाया जाता है। इस दिन सूर्य उत्‍तरायण में प्रवेश करता है।
सोलर कलेण्‍डर अर्थात हिन्‍दू पंचाग के अनुसार इस पर्व पर रात और दिन का मान बराबर हो जाता है। इस दिन से दिन बडा और गर्म होना प्रारम्‍भ हो जाता है। इस दिन से उत्‍तरी गोलार्द्ध में रहने वाले लोगों के लिये सूर्य की दूरी कम होने लगती है जिससे गर्मी बढना प्रारम्‍भ हो जाती है। इस पर्वके पीछे एक कारण यह भी है कि इस दिन को फसलों के सीजन के रूप में भी मनाया जाता है। महाभारत में वाणों से घायल भीष्‍म पितामह ने अपने प्राण त्‍यागने के लिये सूर्य के उत्‍तरायण में आने का इन्‍तजार किया था। हिन्‍दुओं में ऐसी मान्‍यता है कि इस दिन जिस भी व्‍यक्ति की मृत्‍यु होती है उसकी आत्‍मा को मोक्ष की प्राप्ति होती है।

Thursday, January 6, 2011

ठंड से त्‍वचा का बचाव

यदि हम शीत ऋतु में कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्‍यान रखें तो वह हमारे स्वास्थ्य व सौंदर्य के लिए अच्‍छा साबित होगी।

इन दिनों चलने वाली खुश्क एवं सर्द हवाओं में अपने आप पर विशेष ध्यान देना आवश्‍यक है। नहाने के लिये साबुन को महत्व न दें। कोई-सा भी उबटन लगाइए। बाँहों, पैरों, घुटनों, पीठ एवं गरदन को उबटन से रगडने के बाद नहाइए। फिर खुरदरे तौलिए से बदन पोंछिए। इस तरह के स्नान से आपको ताजगी, चुस्ती महसूस होगी और सर्दी नहीं लगेगी। मौसम के अनुसार ही कपड़ों का चयन करना चाहिए। ठंड से कानों का बचाव करने के लिये मफलर आदि का प्रयोग अवश्‍य करें।

तेज चटख रंगों को अपनाइए। महिलाओं को इन कपड़ों के साथ-साथ मेकअप भी तेज रंगों से करना चाहिए। महिलाओं को ब्राउन या लाल रंग के विभिन्न शेड लिपस्टिक के इन दिनों खूब फबेंगे। यदि आप आँखों का मेकअप करती हैं तो स्लेटी, भूरे, सुनहरे और तेज रंग के आई शेडो इस्तेमाल करें। पुरूषों को चेहरे व हाथों पर किसी कोल्‍ड क्रीम या कोल्‍ड लोशन का इस्‍तेमाल करना चाहिए।

सर्दी से बचाव को नीबू की चाय का भी प्रयोग कर सकते हैं। यदि आपको सर्दी लग गई है तब आप एक चाय का चम्‍मच शहद के साथ आधा चाय का चम्‍मच सितोपलादि चूर्ण (डाबर/बैद्यनाथ) का दिन में 3 से 4 बार  प्रयोग कर सकते हैं तथा जोशीना (हमदर्द) को निहार मुंह एवं सोते समय एक चाय का चम्‍मच गर्म पानी में मिलाकर प्रयोग करें। यदि नजला रूकने से सरदर्द होने लगा हो तो नजली (हमदर्द)  आधे चाय के चम्‍मच भर जोशीना में मिलाकर प्रयोग करने से नजले/जुकाम पर चमत्‍कारिक असर होता है।  

- राजेश -

Monday, January 3, 2011

नववर्ष 2011 मंगलमय हो !!!

परम्‍परागत नववर्ष में, आप सभी का है अभिनन्‍दन।
यीशू का सन्‍देश है शाश्‍वत, स्‍नेह से परिपूर्ण हो जन-जन।।
ऋषियों का अभिप्रेत यही, पैगम्‍बरों का पैगाम पुरातन।
''वसुधैबकुटुम्‍बकम'' की भावना से, होगा यह परिवेश सनातन।।
जाति, क्षेत्र, आतंकवाद से आवृत है सारा जनजीवन।
अपसंस्‍कृति विस्‍तीर्ण हो रही, भ्रष्‍टाचार बढ. रहा अनुदिन।।
इन असत्वृत्तियों का मूलोच्‍छेदन, आज बने सबका चिन्‍तन।
स्‍वराज, स्‍वभाषा, स्‍वसंस्‍कृति का होगा, तब सच्‍चा सम्‍बर्द्धन।।
जीवन बने प्रगति-पथ सबका, राष्‍ट्र बन जाये नन्‍दन वन।
नूतनवर्ष के नव प्रभात में, स्‍वीकारो मेरा अभिनन्‍दन।।

                                                            ** राजेश शर्मा **