Thursday, March 15, 2012

आओ चुन लें नेता ...

आओ चुन लें नेता ।।

पांच साल तक रहे चूसता, पर कुछ भी नहीं देता।
आओ चुन लें नेता।।

चाहे हाथी, चाहे साइकिल, चाहे कमल खिलाओ।
चाहे तुम तलवार तीर या पंजा गले लगाओ।
भांति-भांति के वादों से, हर एक लुभा है देता ।
आओ चुन लें नेता।।

काश्‍मीर से कन्‍याकुमारी तक के सब खद्दरधारी
खाते है धन पब्लिक का और करते हैं सब मक्‍कारी ।।

डरते नहीं भगवान से भी, जग के हैं यही प्रणेता।
आओ चुन लें नेता।।

कभी बांटते चेक या साइकिल, कभी लैपटाप बंटवाते।
लगा-लगा कर मूर्ति हर जगह, हैं विकास का अलख जगाते।।
टूटी सडक रो रही, रस्‍ता नहीं सुझाई देता ।
आओ चुन लें नेता।।

लूटने वाले रहें बदलते, पर इनको न शर्म है आये।
धन तो जनता का ही है, जैसे चाहें ये खा ही जाये।।
भांति-भांति के विषधर हैं, हर एक फन है फैला देता।
आओ चुन लें नेता।।

‘’शर्मा’’ खाओ सूखी रोटी, और ठन्‍डा पानी पीलो।
जब तक नेता सुधर न जाये, रो रो करके तुम जीलो।।
डॉक्‍टर ही बीमार हो जब, तो कौन दवा है देता।
आओ चुन लें नेता ।।