Monday, May 23, 2011

ग्रीष्‍म ऋतु में आम पर विशेष !!!

देश के सभी बाजारों में आम ने दस्तक दे दिया है। रसीले और मीठे आम की सुगंध दूर से ही लोगों को खींचने लगी है। आम खाने के लिए लोगों को ग्रीष्म ऋतु का विशेष रूप से इन्तजार रहता है। भारत में आम को फलों का राजा कहा गया है। भारत में लगभग 4000 से अधिक वर्षों से आम उगाया जाता है। पहले पहल आम की उत्पित्त बंगाल की खाड़ी के आसपास के क्षेत्रों में हुई थी। बाद में यह फल भारतीय उपमहाद्वीप के सभी भागों में पहुंच गया। संस्कृत साहित्य में आम को अमृत का स्रोत कहा गया है। अरब व्यापारियों के साथ आम भारत से निकलकर फारस और मिश्र में पहुंचा। अंग्रेजों ने इसे वेस्ट इण्डीज सहित अन्य उष्णकटिबंधीय देशों में पहुंचाया।

 
भारत में फलों की खेती वाले कुल क्षेत्र के लगभम साठ प्रतिशत भाग में आम उगाया जाता है। इस फल के अनेक स्थानीय नाम हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र, उड़ीसा और पंजाब में आम बड़े पैमाने पर उगाया जाता है। भारत के अलावा आम को चीन, मलेशिया, फिलिपिन्‍स, इण्डोनेशिया, आस्ट्रेलिया, दक्षिण अमेरिका, मेक्सिको जैसे देशों में भी बड़े पैमाने पर उगाया जा रहा है। यूरोप, रूस, मिडिल ईस्ट, ब्रिटेन एवं अमेरिका भारतीय आमों के अच्छे खरीददार हैं। अचार, चटनी, अमचूर, आम पापड़, जैम, जेली, स्क्वैश जैसी आम से बनी चीजें भी विदेशों में निर्यात की जाती हैं। आंध्रप्रदेश में बने आम के अचार पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं। मल्गोवा, अल्फांसो, सुवर्णरेखा, दशहरी, लंगड़ा और बंगलौरा सामान्य रूप से अधिक उगाई जाने वाली और अधिक निर्यात वाली आम की किस्में हैं।

जिन भी स्थानों में बरसात के चार महीने में अच्छी वर्षा होती है और साल के बाकी महीनों में मौसम सूखा रहता है, वहां आम अधिक फलता है। कुछ किस्मों को छोड़कर आमतौर पर आम के पेड़ में दो साल में एक बार फल लगते हैं। आम का पेड़ लगभग 100 वर्ष तक जीवित रहता सकता है। वास्तव में अधिकांश भारतीय भयानक गर्मी के असहनीय ताप का भी स्वागत करने के लिए तैयार रहते हैं क्योंकि यह फलों के राजा आम का मौसम है।

तो आइए ग्रीष्‍म ऋतु का आम से सम्बंधित कुछ जानकारियों के साथ स्वागत करें और मीठे रसीले आम का स्वाद जी भरकर लें। 
100 ग्राम आम में पोषकता
पोषण
             पका आम            हरा आमऊर्जा               74 किलोकैलोरी      44 किलोकैलोरी
रेशा                0.7 ग्राम                 1.2 ग्राम
कैल्शियम      14 मि.ग्रा                10 मि.ग्रा
लौह               1.3 मि.ग्रा               5.4 मि.ग्रा
कैरोटीन         2743 माइक्रोग्राम    90 माइक्रोग्राम
विटामिन सी   16 मि.ग्रा              3 मि.ग्रा

आम के किस्मों के नामअल्फांसो, इमाम पसन्द, जहांगीर, कलेक्टर, हिमायुद्दीन, मालदह, बनारसी, लंगड़ा, दशहरी, अलुमपुर, बेनिशान, बंगानापल्ली, कलकतिया, दिलपसन्द, गोपालभोग, मनोरंज, हैलमेट, पेडारसालू, हाटीझूल,   तोतापरी, खरबूजा, लम्‍शा, सिपिया, शुक्ल, जाफरान, सिन्दूरिया, सुवर्ण रेखा, मुलगांव, पनाकालू, अतिमधुरम, कोब्बरी, कोठापल्ली, तेनेरू, नीलम, माणिक्यकट्टी, बारहमासी, दोफूल, श्रावणया, भाद्रिय, मछली
अन्य फलों की तुलना में आम कैरोटीन (प्रो विटामिन ए) का अच्छा स्रोत है। इसके खाने से विटामिन ए की कमी के कारण होने वाली अंधता जैसी बीमारियों से बचने में मदद मिलती है। पका हुआ आम विटामिन सी का भी स्रोत है। कच्चे आम में लौह की काफी मात्रा होती है। इस फल से अधिक से अधिक पोषक पदार्थ प्राप्त करने के लिए भोजन के उपरान्त पका हुआ आम खाना सर्वश्रेष्ठ है। इसका गाढ़ा, रसीला, खुशबूदार स्वाद मीठे और खट्टे का मिश्रण है। आम ही क्यों, उसकी पत्ति‍यों, छाल, तना और कच्चे आम में जीवाणुरोधी गुण पाए जाते हैं। आयुर्वेद में तो आम की गुठली की व्यापक उपयोगिता दर्शाई गई है। प्राचीन कहावत भी है कि ''आम के आम और गुठलियों के दाम''।