Thursday, March 17, 2011

होली !!

होली भारत वर्ष के सबसे पुराने त्‍योहारों में से है। यह कितना पुराना है इसके विषय में ठीक जानकारी उपलब्‍ध नहीं हैं लेकिन इसके विषय में इतिहास पुराण व साहित्य में अनेक कथाएँ मिलती हैं। लेकिन इसके हर कथा में एक समानता है कि उसमें ‘असत्य पर सत्य की विजय’ और ‘दुराचार पर सदाचार की विजय’ का उत्सव मनाने की बात कही गई है। इस प्रकार होली मुख्यत: आनंदोल्लास तथा भाई–चारे का त्योहार है। यह लोक पर्व होने के साथ ही अच्छाई की बुराई पर जीत, सदाचार की दुराचार पर जीत व समाज में व्याप्त समस्त बुराइयों के अंत का प्रतीक है। यह लोकप्रिय पर्व बसंत का संदेशवाहक भी है।
होली पर्व को मनाये जाने की एक मान्यता है कि प्राचीन काल में हिरण्यकश्यप नाम का एक अत्यन्त बलवान एवं घमण्डी राक्षस था। दैत्यराज हिरण्यकश्यप ने तपस्या कर देवताओं से यह वरदान प्राप्त कर लिया कि वह न तो पृथ्वी पर मरेगा न आकाश में, न दिन में मरेगा न रात में, न घर में मरेगा न बाहर, न अस्त्र से मरेगा न शस्त्र से, न मानव से मारेगा न पशु से। इस वरदान को प्राप्त करने के बाद वह स्वयं को अमर समझ कर नास्तिक और निरंकुश हो गया। हिरण्यकश्यप ने अपने राज्य में ईश्वर/नारायण का नाम लेने पर ही पाबंदी लगा दी थी। वह चाहता था कि उनका पुत्र  ईश्‍वर /नारायण की आराधना छोड़ दे, परन्तु भक्‍त प्रह्लाद इस बात के लिये तैयार नहीं थे, भक्त प्रह्लाद ने ईश्वर की भक्ति का मार्ग नहीं छोड़ा। । हिरण्यकश्यप ने उसे बहुत सी कठोर प्राणान्‍तक यातनाएँ दीं परन्‍तु वह नारायण की कृपा से हर बार बच गये। हिरण्यकश्यप की बहन होलिका को यह वरदान प्राप्त था कि वह आग में भस्म नहीं हो सकती। हिरण्यकश्यप के आदेश पर होलिका प्रह्लाद को मारने के उद्देश्य से उसे अपनी गोद में लेकर अग्नि में बैठ गई। किन्तु आग में बैठने पर होलिका तो जल गई परन्‍तु ईश्वर के प्रिय भक्त प्रह्लाद नारायण की कृपा से बच गये। इस प्रकार होलिका के विनाश तथा भक्त प्रह्लाद की प्रभु के प्रति अटूट भक्ति एवं निष्ठा के प्रसंग की याद दिलाता है यह महान पर्व। इसी की याद में प्रत्‍येक वर्ष लोग होलिका जलाते हैं और अन्‍त की खुशी में रंगों से सराबोर होकर त्‍योहार मनाते हैं तथा एक दूसरे के गले मिलते हैं।
होली का त्योहार राधा और कृष्‍ण की अत्‍यन्‍त पावन प्रेम कहानी से भी सम्‍बन्धित है। बसन्‍त के सुन्‍दर मौसम में एक दूसरे पर रंग डालना उनकी लीला का एक अंग माना गया है। मथुरा और वृन्दावन की होली राधा और कृष्ण के इसी रंग में डूबी हुई होती है। बरसाने और नंदगाँव की लट्ठमार होली तो प्रसिद्ध ही है। होली उत्सव पर अंहकार की, अहम् की, वैर द्वेष की, ईर्ष्या की, संशय की होली जलाई जाती है।
लोक कथाओं के अनुसार एक भविष्यवाणी हुई थी कि इस दिन कंस को मारने वाला तो गोकुल में जन्म ले चुका है। अत: कंस ने इस दिन गोकुल में जन्म लेने वाले हर शिशु की हत्या कर देने की योजना बनाई।  इसी भविष्‍यवाणी से भयभीत होकर कंस ने कष्‍ण को मारने के लिये पूतना नामक राक्षसी का सहारा लिया। वह सुंदर रूप बना सकती थी और महिलाओं में आसानी से घुलमिल जाती थी। उसका कार्य स्तनपान के बहाने शिशुओं को विषपान कराना था। अनेक शिशु उसका शिकार हुए लेकिन कृष्ण उसकी सच्चाई को समझ गए और उन्होंने पूतना का वध कर दिया। यह फाल्गुन पूर्णिमा का दिन था अतः पूतनावध की खुशी में होली मनाई जाने लगी
शिव और पार्वती से सम्‍बन्धित एक पौराणिक कथा के अनुसार हिमालय पुत्री पार्वती चाहती थीं कि उनका विवाह भगवान शिव से हो जाये पर शिवजी अपनी तपस्या में लीन थे। कामदेव पार्वती की सहायता को आए। उन्होंने पुष्प बाण चलाया और भगवान शिव की तपस्या भंग हो गयी। शिवजी को बड़ा क्रोध आया और उन्होंने अपनी तीसरी आँख खोल दी। उनके क्रोध की ज्वाला में कामदेव का शरीर भस्म हो गया। तदुपरान्‍त शिवजी ने पार्वती को देखा। इस प्रकार पार्वती की आराधना सफल हो गई और शिवजी ने उन्हें अपनी अर्धांगिनी के रूप में स्वीकार कर लिया। इस कथा के आधार पर होली की आग में वासनात्मक आकर्षण को प्रतीकत्मक रूप से जला कर सच्चे प्रेम की विजय का उत्सव मनाया जाता है।
एक अन्य पौराणिक कथा के अनुसार कामदेव के भस्म हो जाने पर उनकी स्‍त्री रति ने विलाप किया और शंकर भगवान से कामदेव को जीवित करने की गुहार लगाई। इस प्रकार जब शंकर भगवान प्रसन्न हुए तब उन्होने कामदेव को पुन: जीवित कर दिया। यह दिन होली का दिन होता है। आज भी रति के विलाप को लोक संगीत के रुप में गाया जाता है और चंदन की लकड़ी को अग्निदान किया जाता है ताकि कामदेव को भस्म होने मे पीड़ा ना हो। साथ ही बाद मे कामदेव के जीवित होने की खुशी मे रंगों का त्योहार मनाया जाता है।
पौराणिक कथाओं के अनुसार राजा पृथु के समय के समय में ढुंढी नामक एक कुटिल राक्षसी थी। वह अबोध बालकों को खा जाती थी। अनेक प्रकार के जप-तप से उसने बहुत से देवताओं को प्रसन्न कर के उसने वरदान प्राप्त कर लिया था कि उसे कोई भी देवता, मानव, अस्त्र या शस्त्र नहीं मार सकेगा, ना ही उस पर सर्दी, गर्मी और वर्षा का कोई असर होगा। इस वरदान के बाद उसका अत्याचार बढ़ गया क्यों कि उसको मारना असंभव था। लेकिन शिव के एक शाप के कारण बच्चों की शरारतों से वह मुक्त नहीं थी। राजा पृथु ने ढुंढी के अत्याचारों से तंग आकर राजपुरोहित से उससे छुटकारा पाने का उपाय पूछा। पुरोहित ने कहा कि यदि फाल्गुन मास की पूर्णिमा के दिन जब न अधिक सर्दी होगी और न गर्मी सब बच्चे एक एक लकड़ी लेकर अपने घर से निकलें। उसे एक जगह पर रखें और घास-फूस रखकर जला दें। ऊँचे स्वर में तालियाँ बजाते हुए मंत्र पढ़ें और अग्नि की प्रदक्षिणा करें। ज़ोर ज़ोर से हँसें, गाएँ, चिल्लाएँ और शोर करें। तो राक्षसी मर जाएगी। पुरोहित की सलाह का पालन किया गया और जब ढुंढी इतने सारे बच्चों को देखकर अग्नि के समीप आई तो बच्चों ने एक समूह बनाकर नगाड़े बजाते हुए ढुंढी को घेरा, धूल और कीचड़ फेंकते हुए उसको शोरगुल करते हुए नगर के बाहर खदेड़ दिया। कहते हैं कि इसी परंपरा का पालन करते हुए आज भी होली पर बच्चे शोरगुल और गाना बजाना करते हैं।
रंगों का त्योहार होली अपने साथ ढेरों रंग व खुशियाँ लेकर आ चुका है।
क्या आपने अपने शरीर को होली के हुडदंग और पकवानों की धूम के लिए तैयार कर लिया है? क्या आप होली खेलने से पहले ही अपनी स्किन और बालों का बचाव करने के लिए तैयार है ?
सावधानियां -  
·         होली सामान्‍यतय: मार्च के महीने में ही होती है। मार्च का महीना यानी बदलते मौसम का आगाज़। बदलते मौसम में स्किन और बालों की बहुत सी समस्याएँ पैदा हो जाती हैं। रुखी स्किन, डैंड्रफ, स्किन एलर्जी, रैशेज आदि बदलते मौसम की बहुत ही सामान्य सी समस्याएँ है। ऐसे में रंगों की हुडदंग आपकी इन समस्याओं को और भी बढ़ा सकता है। इन सबसे बचने के लिए नमी को बनाये रखे। ओलिव आयल का प्रयोग करें।
·         बालों पर तेल लगाये और स्किन पर पेट्रोलियम जैली और नाखुनों का बचाव करने के लिए नेल इनेमल का प्रयोग करें।
·         परमानेंट रंगों का प्रयोग करने से बचें। इन रंगों में विषैले पदार्थ होते हैं जो आपकी स्किन को नुकसान पहुचाते हैं। इससे बचने के लिए ओरगेनिक रंगों का प्रयोग करें।
बाद में क्या करें -
·         होली के बाद रंगों को उतारने के लिए बेसन और मलाई का प्रयोग करें। साबुन और डिटरजिंट आपकी स्किन को और नुक्सान पहुंचा सकते है।
·         बालों और सर पर जमा रंगों को निकालने के लिए कोमल शैम्पू का प्रयोग करें और पएच बैलंस कंडिशनर का प्रयोग करें।
·         नहाने के बाद अपनी स्किन की खोई नमी को पाने के लिए बादाम तेल का प्रयोग करें।
इन सबके आलावा जोर जबरदस्ती कर होली का रंग न लगायें, गुब्बारों का प्रयोग न करे, आँखों का बचाव करें और शराब या नशीले पदार्थों का सेवन न करें। होली खुशियों और मौज-मस्ती का त्यौहार है।
इसे पूरे जोश के साथ मनाये और जोर से कहे "होली है, भाई होली है"!!!!!