Monday, February 28, 2011

महा शिवरात्रि पर्व पर विशेष


ओम नम: शिवाय
महाशिवरात्रि
महाशिवरात्रि हिन्दुओं का एक प्रमुख त्योहार है। यह भगवान शिव का प्रमुख पर्व है। यह पर्व फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी को शिवरात्रि पर्व मनाया जाता है। यह माना जाता है कि सृष्टि के प्रारम्‍भ में इसी दिन मध्यरात्रि में भगवान् शंकर का ब्रह्मा से रुद्र के रूप में अवतरण हुआ था। शास्त्रों के अनुसार यह रात्रि भगवान शिव को अति प्रिय है। भगवान शिव की पूजा व जागरण करना ही इस पर्व की विशेषता है। इसमें रात्रि भर जागना एवं शिवाभिषेक करने का विधान है।धर्म शास्त्रों के अनुसार शिवरात्रि के महत्व का वर्णन स्वयं भगवान शिव ने माता पार्वती को बताया था। भगवान शिव अभिषेक, वस्त्र, धूप तथा पुष्प से इतने प्रसन्न नहीं होते जितने कि शिवरात्रि के दिन व्रत उपवास रखने से होते हैं-
फाल्गुने कृष्णपक्षस्य या तिथि: स्याच्चतुर्दशी।
तस्यां या तामसी रात्रि: सोच्यते शिवरात्रिका।।
तत्रोपवासं कुर्वाण: प्रसादयति मां ध्रुवम्।
न स्नानेन न वस्त्रेण न धूपेन न चार्चया।
तुष्यामि न तथा पुष्पैर्यथा तत्रोपवासत:।।

ईशानसंहिता में बताया गया है कि फाल्गुन मास की कृष्ण चतुर्दशी की रात्रि को आदिदेव भगवान शिव करोड़ों सूर्यों के समान प्रभा वाले लिंगरूप में प्रकट हुए थे -
फाल्गुनकृष्णचतुर्दश्यामादिदेवी महानिशि।
शिललिंगतयोद्भुत: कोटिसूर्यसमप्रभ:।।


वैज्ञानिकता तथा अध्यात्म
ज्योतिषशास्त्र के अनुसार फाल्गुन कृष्ण चतुर्दशी तिथि में चंद्रमा सूर्य के समीप होता है। अत: वही समय जीवनरूपी चंद्रमा का शिवरूपी सूर्य के साथ योग-मिलन होता है। अत:इस चतुर्दशी को शिवपूजा करने से मनुष्‍यों को अभीष्टतम पदार्थों की प्राप्ति होती है। यही शिवरात्रि का रहस्य है। प्रलय की वेला में इसी दिन प्रदोष के समय भगवान शिव तांडव करते हुए ब्रह्मांड को तीसरे नेत्र की ज्वाला से समाप्त कर देते हैं। इसीलिए इसे कालरात्रि अथवा महाशिवरात्रि कहा गया है। बैल को वाहन के रूप में स्वीकार करने वाले शिव कुरूप/अमंगल होने पर भी भक्तों का मंगल करते हैं। भगवान शिव को अठारह नामों से जाना जाता है तथा पूरे भारतवर्ष में 12 स्‍थानों पर शिव लिंग स्‍थापित हैं।

भगवान शिव के अठारह नाम :-
1- शिव
2- पशुपति
3- मृत्युंजय
4- त्रिनेत्र
5- पंचवक्त्र
6- कृत्तिवासा
7- शितिकंठ
8- खंडपरशु
9- प्रमथाधिव
10-गंगाधर
11-महेश्वर
12-रुद्र
13-विष्णु
14-पितामह
15-संसार वैद्य
16-सर्वज्ञ
17-परमात्मा
18-कपाली

बारह ज्‍यार्तिलिंगों के नाम :-
1- सोमनाथ,
2- मल्‍िलकार्जुन
3- महाकाल या महाकालेश्वर
4- ओंकारेश्वर और अमलेश्वर
5- केदारनाथ
6- भीमशंकर
7- विश्वनाथ
8- त्र्यम्बेकश्वर
9- वैद्यनाथ धाम
10-नागेश
11-रामेश्वरम
12-घुश्मेश्वर

अभिषेक :-
अभिषेक शब्द का अर्थ है स्नान करना या कराना। यह स्नान भगवान मृत्युंजय शिव को कराया जाता है। अभिषेक को आजकल रुद्राभिषेक के रुप में ही ज्यादातर पहचाना जाता है। अभिषेक के कई प्रकार तथा रुप होते हैं। किंतु आजकल विशेष रूप से रुद्राभिषेक ही कराया जाता है। रुद्राभिषेक का मतलब है भगवान रुद्र का अभिषेक यानि कि शिवलिंग पर रुद्रमंत्रों के द्वारा अभिषेक करना। रुद्राभिषेक करना शिव आराधना का सर्वश्रेष्ठ तरीका माना गया है। शास्त्रों में भगवान शिव को जलधाराप्रिय:, माना जाता है। अभिषेक में उपयोगी वस्तुएं: अभिषेक साधारण रूप से तो जल से ही होता है। विशेष अवसर पर या सोमवार, प्रदोष और शिवरात्रि आदि पर्व के दिनों में गोदुग्ध या अन्य दूध मिला कर अथवा केवल दूध से भी अभिषेक किया जाता है। विशेष पूजा में दूध, दही, घृत, शहद और चीनी से अलग-अलग अथवा सब को मिला कर पंचामृत से भी अभिषेक किया जाता है। तंत्रों में रोग निवारण हेतु अन्य विभिन्न वस्तुओं से भी अभिषेक करने का विधान है।
रुद्राभिषेक से लाभ् - यदि वर्षा चाहते हैं तो जल से रुद्राभिषेक करें, व्याधिओं के नाश के लिये कुशा से करें, यदि पशुओं कि कामना चाहते हैं तो दहि से रुद्राभिषेक करें, धन कि कामना चाहते हैं तो गन्ने के रस से रुद्रभिषेक करें।

अनुष्ठान :-

कारोबार में वृद्धि के लिए
महाशिवरात्रि के सिद्ध मुहर्त में पारद शिवलिंग को प्राण प्रतिष्ठित करवाकर स्थापित करने से व्यवसाय में वृद्धि व नौकरी में तरक्की मिलती है।
बाधाओं के विनाश के लिए
शिवरात्रि के प्रदोष काल में स्फटिक शिवलिंग को शुद्ध गंगा जल, दूध, दही, घी, शहद व शक्कर से स्नान करवाकर धूप-दीप जलाकर निम्न मंत्र का जाप करने से समस्त बाधाओं का शमन होता है। ॥ॐ तुत्पुरूषाय विद्महे महादेवाय धीमहि तन्नो रूद्र: प्रचोदयात्॥
बीमारियों से छुटकारा पाने के लिए
शिव मंदिर में लिंग पूजन कर दस हज़ार मंत्रों का जाप करने से प्राण रक्षा होती है। महामृत्युंजय मंत्र का जाप रुद्राक्ष की माला पर करें।
शत्रुओं के विनाश के लिए
शिवरात्रि को रूद्राष्टक का पाठ यथासंभव करने से शत्रुओं से मुक्ति मिलती है। मुक़दमे में जीत व समस्त सुखों की प्राप्ति होती है।
मोक्ष प्राप्ति के लिए
शिवरात्रि के दिन एक मुखी रूद्राक्ष को गंगाजल से स्नान कराकर धूप-दीप दिखा कर लकडी/पत्‍थर के पटले पर स्वच्छ कपड़ा बिछाकर स्थापित करें। शिव रूपी रूद्राक्ष के सामने बैठ कर सवा लाख मंत्र जप का संकल्प लेकर जाप आरम्‍भ करें। जप शिवरात्रि के बाद भी जारी रखें। ॐ नम: शिवाय।

1 comment:

  1. vaise to bahut achha likha h but ek kami h....bachcho ko padai ke liye to likha hi nahi h...

    ReplyDelete