Wednesday, February 2, 2011

वसन्त्-पंचमी (माघ शुदि पंचमी)

कूलन में केलिन में कछारन में कुन्जन में |
क्यारिन में कलित कलीन किलकंत है ||
कहै पद्माकर परागन में पानहूं में |
पानन में पीक में पलाशन पगंत है ||
द्वार में दिशान में दुनी में देश-देश में |
देखो दीप दीपन में दीपन दिगंत है ||
वीथिन में ब्रज में नवेलिन में वेलिन में |
बतन में बागन में बगरो वसन्त है ||


--कवि पद्माकर
ऋतुराज वसंत के स्‍वागत का पर्व है ''वसंत पंचमी''।।
शीत के आतंक का अन्‍त हो चला है, जीर्णशीर्ण शिशिर को पराजित करते हुए सरस वसन्त ने वन और उपवन में ही नहीं, किन्तु वसुधा भर में सर्वत्र अपने आगमन की घोषणा कर दी है | सारी प्रकृति ने वसन्ती चोला धारण कर लिया है | खेतों में फूली सरसों धरा को स्‍वर्णाभूषित कर रही है | जहाँ तक नजर दौडाएं, पीत परिधान की सरिता की तरंगावली नेत्रों का आतिथ्य करती हैं। वनों में टेसू (पलाश-पुष्पों)की सर्वत्रव्यापिनी रक्तवर्णी आभा दर्शनीय है | उपवन गेंदे और गुल्दाऊदी की पुष्पों के पीतपरिधान धारण किये हुए हैं, नगर और ग्रामों में महिलायें व  बच्चे वसन्ती वस्त्रों से सजे हैं | मन्द सुगन्ध मलय समीर सर्वत्र बह रहा है | ऋतुराज वसन्त के इस उदार अवसर पर इतने पुष्प खिलते हैं, कि वायुदेव को उनकी गन्ध के भार से शनैः शनैः ही बहना पडता है | इस ऋतु में उपवनों मे चारों ओर पुष्पों ही पुष्पों की शोभा नयनों को आनन्दित कर देती है | जिस ओर भी देखिये उधर ही रंग बिरंगे फूल खिल रहे हैं | कहीं गुलाब अपनी बहार दिखा रहा है तो कहीं सूर्यप्रिया सूर्यमुखी सूर्य को निहार रही होती है, कहीं श्वेत कुन्द की कलियां दांत दिखला कर हंस रही हैं | आम्रपुष्पों की छटा ही कुछ निराली है | आम्रपुष्‍पों ( बौरों ) पर भौरौं की गूंज और शाखाओं पर बैठी कोयल की कूक उस की शोभा को द्विगुणित कर देती है | आम के बौरौं में कुछ ऐसी मदमाती सुगन्ध होती है कि वह मन को बलात् अपनी ओर खींच कर मन्‍त्रमुग्‍ध कर देती है | आयुर्वेद के सिद्धान्तानुसार इस ऋतु में वनस्पतियों में नवीन रस का संचार ऊपर की ओर होता है | जंगमों के शरीरों में भी नवीन रुधिर का प्रादु्र्भाव होता है, जो उनमें उमंग और उल्लास को बढाता है | वसंत को इसीलिये ऋतुराज के नाम से भी जाना जाता है।


प्राचीन भारतीयों ने इस उदार ऋतु का आनन्द मनाने के लिये वसन्त पंचमी के पर्व की रचना की | यह समय ही कुछ ऐसा मोदप्रद और मादक होता है कि वायुमण्डल मद और मोद से भर जाता है, दिशाएं कलकण्ठा कोकिला आदि विविध विहंगमों के मधुर अलाप से प्रतिध्वनित हो उठती हैं | क्या पशु, क्या पक्षी और क्या मनुज सब का हृदय आनन्‍द से उद्वेलित होने लगता है, मनों में नयी-नयी उमंगें उठने लगती हैं | माघ सुदि वसन्त पंचमी के दिन से वसन्‍त ऋतु का प्रारम्भ होता है |


इस दिन विद्या एवं कला की अधिष्‍ठात्री देवी मां सरस्‍वती का जन्‍मदिन है। इस दिन मातेश्‍वरी सरस्‍वती एवं भगवान विष्‍णु की पूजा के साथ-साथ कामदेव एवं उनकी पत्‍नी रति की पूजा भी की जाती है। शास्‍त्रों में इस पर्व को ऋषि पंचमी के नाम से जाना जाता है। जो शिक्षाविद भारत एवं भारतीयता से प्रेम करते हैं वे इस दिन मां शारदे की पूजा कर उनसे और अधिक ज्ञानवान होने की प्रार्थना करते हैं। 



इस दिन हिन्‍दी साहित्‍य की अमर विभूति महाकवि सूर्यकान्‍त त्रिपाठी 'निराला' का जन्‍म दिन भी है।

1 comment: